रुद्रपुर। कल्याणी और बेगुल नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने सिडकुल पंतनगर में स्थापित ईएसटीपी व रॉकेट इंडिया प्रा. लि. में स्थापित एसटीपी का बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर ही पानी के सैंपल भरवाए और उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजने के निर्देश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को दिए।
डीएम ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी को निर्देश दिए कि यदि किसी भी कंपनी की ओर से बिना ट्रीटमेंट किए पानी को कल्याणी या अन्य नदियों में छोड़ा जाता है तो संबंधित कंपनी के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को पूर्व में ही कंपनियों में सीईटीपी व ईटीपी लाइन की स्थापना और प्रदूषित जल के निस्तारण से संबंधित जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे लेकिन अब तक रिपोर्ट नहीं मिली है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने एक हफ्ते में तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सिडकुल क्षेत्र में गंदगी पर भी फटकार
सिडकुल ढाल के पास और सिडकुल क्षेत्र में जगह-जगह कूड़ा और गंदगी पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर आयुक्त को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए तथा आरएम सिडकुल को नोटिस जारी करने के निर्देश भी नगर आयुक्त को दिए। डीएम ने पीसीबी को निर्देश दिए कि कल्याणी नदी के उद्गम स्थल पत्थरचट्टा, सिडकुल का प्रारंभिक स्थल, सिडकुल का अंतिम स्थल अटरिया पुल तथा शहर के अंतिम छोर यूपी बॉर्डर से नदी के पानी के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाए ताकि पूरे प्रवाह क्षेत्र में प्रदूषण की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी गौरव पांडेय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी एसपी सिंह, तहसीलदार दिनेश कुटौला आदि मौजूद रहे।