बाजपुर। लेवड़ा नदी पर बेरिया दौलत रोड और गांव चकरपुर में पुलों का लोनिवि की ओर से निर्माण कार्य शुरू हो गया। गांव चकरपुर में बनाया गया डाइवर्जन अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया जिससे यातायात बाधित हो गया है। इसके चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के बेरिया दौलत रोड पर बनाया गया अस्थायी पुल संकरा होने से दिनभर जाम की स्थिति बनी रही है। एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
बाजपुर शहर सहित क्षेत्र में कई जगहों को बाढ़ से बचाने के लिए बेरिया दौलत रोड और गांव चकरपुर में लेवड़ा नदी पर पुल निर्माण की सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की थी जिस पर शासन से धनराशि भी मंजूर हो गई। पुल निर्माण की जिम्मेदारी मिलने पर लोनिवि की ओर से टेंडर प्रक्रिया के बाद पुलों का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
चकरपुर में वैकल्पिक पुल बनाया गया जो सप्ताहभर में एक साइड से टूट कर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई वहां से नहीं गुजरा जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। ग्रामीणों का कहना है कि अस्थायी पुल ही एक सप्ताह में क्षतिग्रस्त हो गया। ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर ध्यान देने की मांग की है।
एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने दोनों पुलों के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा नेता गौरव शर्मा, उत्तराखंड वाल्मीकि दलित समाज सुधार संगठन अध्यक्ष अनिल वाल्मीकि, संजीव चौहान आदि मौजूद रहे।
इनसेट
जेसीबी मशीन से खिसकी बहुउद्देशीय भवन की नींव
पुल निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था की ओर से जेसीबी मशीन से गहरी खोदाई की गई। इससे गांव में बने बहुउद्देशीय भवन की नींव भी खिसक गई जिससे भवन को खतरा उत्पन्न हो गया है। अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त होने से लोगों का रास्ता बंद हो गया और उन्हें पांच किमी की दूरी अधिक तय करनी पड़ रही है।
कोट
लेवड़ा नदी पर बेरिया दौलत और गांव चकरपुर में बन रहे पुल निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। चकरपुर में खोदाई के दौरान बहुउद्देशीय भवन की सुरक्षा और बनाए गए डायवर्जन को ठीक करने के लिए संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। - सतनाम सिंह, एई, लोनिवि काशीपुर
कोट
बेरिया दौलत रोड पर अस्थायी बना डायवर्जन पुल संकरा होने से जाम की स्थिति बन रही है। लोनिवि अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया गया। रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है। गांव चकरपुर के बहुउद्देशीय भवन को पहुंची क्षति और बनाए गए अस्थायी डायवर्जन पुल को ठीक करने के कड़े निर्देश दिए गए है। - डॉ. अमृता शर्मा, एसडीएम, बाजपुर