काशीपुर। महाशिवरात्रि पर हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिए जाने वाले कांवड़ियों को रोडवेज बस से करीब 100 किमी लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। ऐसे में रोडवेज डिपो प्रशासन पर डीजल का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। यात्रियों को भी 30 से 40 रुपये अतिरिक्त किराया देना पड़ रहा है।
महाशिवरात्रि पर क्षेत्र से काफी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार गंगाजल लाने के लिए रोडवेज बसों से जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा के चलते रूट डायवर्जन होने से बसें धामपुर, मुजफ्फरनगर, रुड़की होते हुए हरिद्वार जा रही हैं। इससे बसों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही हैं जिससे कांवड़ियों को अतिरिक्त समय के साथ अधिक किराया देना पड़ रहा है। कांवड़ में लाने के लिए काशीपुर से हरिद्वार रोडवेज बसों से जाते हैं। काशीपुर से हरिद्वार का किराया रोडवेज बस में प्रति यात्री 270 रुपये तय है जबकि अब यात्रियों को करीब 40 रुपये अतिरिक्त देना पड़ रहा है।
डिपो के सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र कुमार आर्य ने बताया कि हरिद्वार हाईवे पर प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के चलते बसों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके चलते करीब सौ किमी की अतिरिक्त दूरी तय कर बसें हरिद्वार पहुंच रही हैं। बताया कि बस काशीपुर से धामपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर से रुड़की होते हुए जा रही है। डिपो प्रशासन पर डीजल का अतिरिक्त भार पड़ रहा है। रोडवेज बस को हरिद्वार पहुंचने में चार घंटे के बजाय अब छह से सात घंटे लग रहे हैं।