चांदा गांव में भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद हो गया। इसमें ग्राम प्रधान ने अपने चचिया ससुर पर हथियारबंद लोगों के साथ जमीन पर कब्जे का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है। प्रधान का आरोप है कि हथियारबंद लोगों ने छह राउंड फायर किए। प्रधान ने चचिया ससुर समेत दर्जनों पर उनकी भूमि पर कब्जे का प्रयास, जान से मारने और आतंकित करने के लिए फायरिंग का आरोप लगाया है। जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि जमीन उनके नाम पर है। वह खटीमा से बाहर रहते हैं। इसलिए उनके भतीजे जमीन हड़पना चाहते हैं।
मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक और एसआई ने कब्जे के लिए डाली गयी ईंट व सीमेंट मौके से हटा दिए। दोनों पक्षों को निर्माण स्थल पर नहीं जाने की हिदायत दी। पुलिस को सौंपी तहरीर में चांदा की प्रधान पूजा दत्ता ने कहा कि उनके ससुर के नाम पर चांदा में खेत संख्या आठ और नौ है। इस पर उनके पति का लगभग 40 वर्ष से कब्जा रहा है। मंगलवार को साढ़े 11 बजे जम्मू निवासी उनके चाचा हरवंश सिंह और उनकी पत्नी सहित दर्जनों लोग खेत में आए। उनके पास हथियार भी थे। जब उनके दृष्टिहीन पति ने इसका विरोध किया तो उन्होंने हवाई फायर शुरू कर दिए।
जब उनके देवर कंवरप्रीत, और सत्येंद्र प्रीत मौके पर आए तो उन्होंने उन्हें भी धमकाकर भगा दिया। ग्राम प्रधान ने आरोपियों पर कार्रवाई करने और स्वयं को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। प्रधान दत्ता का कहना है कि उनकी जमीन का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इस जमीन के उसके ससुर की मौत के बाद अवैध रूप से पट्टे बना दिए हैं। इधर दूसरे पक्ष हरवंश का कहना है कि जमीन का पट्टा उनकी मां शिवदेवी के नाम पर है। जिस पर वह काबिज हैं। उन्होंने बताया कि वह एसडीएम के आदेश पर मौके पर कब्जा लेने गया था। मौके पर राजस्व निरीक्षक गिरवर सिंह, एसआई गोपाल सिंह बिष्ट, पटवारी हरीश चंद्र आर्य थे।