दंपति के बीच विवाद को पंचायत में निपटाने का प्रयास विधायक को भारी पड़ गया। पति ने विधायक के खिलाफ अश्लील पोस्टर कैंप कार्यालय में चस्पा कर दिए। विधायक ने आरोपी पति के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
विधायक डा. प्रेम सिंह राणा के कैंप कार्यालय की दीवारों पर विधायक व उसके परिवार को लेकर अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए हाथ से लिखे पोस्टर चस्पा थे।
कार्यालय पहुंचे विधायक समर्थकों ने पोस्टर पढ़कर तत्काल विधायक को जानकारी दी। इस पर विधायक राणा कार्यालय पहुंचे और उन्होंने पोस्टर दीवारों पर चस्पा पोस्टर थाने ले जाकर पुलिस को दिखाया। उन्होंने थानाध्यक्ष मदन मोहन जोशी को मामले में तहरीर दी।
विधायक ने आरोप लगाया कि खेमपुर निवासी युवक का उसकी पत्नी से कई वर्षों से विवाद चल रहा है। उन्होंने दोनों पक्षों का विवाद समाप्त कराने का प्रयास किया था।
जिससे युवक नाराज होकर लगातार अश्लील मैसेज कर रहा था। मंगलवार को उसने उनके कैंप कार्यालय में अश्लील पोस्टर चस्पा किए थे।
उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ने युवक की तलाश में शुरु कर दी। अलबत्ता, खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।