दंपत्ति को सम्मानित करते सामाजिक संस्था के लोग
- फोटो : अमर उजाला
नवजात बच्ची को नाले से निकालकर अस्पताल पहुंचाने वाले दंपति को समाजसेवी संस्था की ओर से सम्मानित किया गया। संस्थान ने बच्ची का उपचार करने के वाले प्राइवेट अस्पताल के डाक्टरों को भी स्मृति चिन्ह भेंट किया है। दूसरी तरफ अस्पताल में भर्ती नवजात बच्ची को पीलिया की शिकायत है। अस्पताल में बच्ची को देखने और गोद लेने के लिए कई लोग आ रहे हैं।
शनिवार को समाज सेवक संस्था के अध्यक्ष जगतार सिंह बाजवा ने कृष्णा हास्पिटल में आयोजित सादे समारोह में बच्ची को अस्पताल पहुंचाने वाले दंपति हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के समीप निवासी मोहम्मद हुसैन और उनकी पत्नी साइना को अस्पताल में सम्मानित कर नकद पुरस्कार दिया। कृष्णा अस्पताल के डॉ. आनंद मोहन, डॉ. मयंक, प्रदीप शर्मा को स्मृति चिन्ह दिया गया। इस दौरान बाजवा ने कहा कि आज भी इंसानियत किसी न किसी रुप में जिंदा है। मोहम्मद हुसैन ने समाज, मानवता के लिए जो किया है वह अनुकरणीय है।
उनकी संस्था पर्यावरण संरक्षण एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को प्रोत्साहन करने के लिए काम करती है। डॉ. आनंद मोहन ने कहा कि जब से बच्ची अस्पताल में भर्ती हुई है, उसे अपनाने वालों का तांता लगा है। इससे साफ है कि लड़कियों को हर परिवार चाहता है।
बच्ची को पीलिया की मामूली शिकायत है। जिसका उपचार चल रहा है। उधर दिन भर अस्पताल में बच्ची को देखने और उसे गोद लेने के इच्छुक लोगों आने का क्रम जारी है। आसपास के शहरों के साथ ही दिल्ली से भी लोग बच्ची को गोद लेने के लिए आ रहे हैं। समाज सेवी अलका पाल ने अस्पताल जाकर डाक्टरों से बच्ची के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली।