काशीपुर। शहर के अंदर अव्यवस्थित ढंग से सड़क किनारे लगने वाले ठेले-फड़ से प्रभावित हो रहे यातायात को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए काशीपुर में दस जगहों पर वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। पहले चरण में पांच वेंडिंग जोन चिह्नित कर किए गए हैं।
मेयर दीपक बाली ने बताया कि नगर में अव्यवस्थित ढंग से लगने वाले ठेले-फड़ वालों के लिए निगम क्षेत्र में दस वेंडिंग जोन बनाए जा रहे हैं। पहले चरण में पांच स्थानों का चयन कर लिया है जहां अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। इनमें स्ट्रीट फूड, सब्जी व फलों के अलावा अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री उपलब्ध होगी।
चयनित वेंडिंग जोन में गिरीताल के पीछे बाईपास मार्ग पर, द्रोणासागर के पीछे टाट वाले बाबा आश्रम मार्ग पर, रामनगर रोड पर ट्रेड शोरूम से रेलवे क्रॉसिंग के बीच, गिरीताल सरोवर के पूर्वी तट के पास बाईपास मार्ग पर व सीतापुर आई हॉस्पिटल रोड को चयनित किया है। शीघ्र ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वेंडिंग जोन के बनने से स्थानीय लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा। वहीं बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियानों से उन्हें स्थायी राहत मिलेगी।
इनसेट...
चयनित वेंडिंग जोन कहां क्या होगा व्यवसाय
- गिरीताल के पीछे बाईपास मार्ग पर फूड स्ट्रीट
- द्रोणासागर टाट वाले बाबा आश्रम मार्ग पर सब्जी व फल स्ट्रीट
- रामनगर रोड ट्रेंड शोरूम के पास फूड स्ट्रीट
- गिरीताल सरोवर के पूर्वी तट के पास सब्जी व फल स्ट्रीट
- सीतापुर नेत्र चिकित्सालय के पास सब्जी, फल, कपड़े व अन्य फेरी सामग्री स्ट्रीट
इनसेट.....
सौंदर्यीकरण के नाम पर नहीं तोड़ी जाएगी निजी संपत्ति
यर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप केवीआर अस्पताल से धनौरी तक व बाजपुर रोड पर बिजनेस इन होटल से परमानंदपुर तक सड़क का चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण कार्य होना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि शहर में अफवाह फैलाई जा रही है कि इस सौंदर्यीकरण से दुकानें व मकान के अगले हिस्सों को ध्वस्त किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ध्वस्तीकरण जैसा कोई कार्य नहीं होगा। जगह के मुताबिक सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।