रुद्रपुर के डीडी चौक पर रात में हर तरफ से चलते वाहन, जिम्मेदार कर्मी नदारद।
रुद्रपुर। रात के समय नगर के मुख्य चौराहों पर यातायात व्यवस्था वाहन संचालकों के हवाले हो जाती है। यातायात नियंत्रण के लिए तैनात कर्मियों का चौराहों पर अता-पता नहीं रहता है।
नगर के मुख्य चौराहे डीडी चौक और इंदिरा चौक शाम होते ही लावारिस हो जाते हैं। शनिवार को भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। रात करीब आठ बजे नैनीताल हाईवे पर स्थित डीडी चौक पर हर तरफ से वाहन चल रहे थे। वाहनों पर नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस का एक भी कर्मी मौके पर नहीं था।
नैनीताल रोड, किच्छा बाईपास, रामपुर रोड और काशीपुर बाईपास से आने वाले वाहन एक साथ चौराहे से गुजर रहे थे। वाहन चालक बच-बचाकर वाहनों को निकाल रहे थे। रात नौ बजे तक यह सिलसिला चलता रहा। यह हर रोज के हालात हैं। इंदिरा चौक पर भी अक्सर ऐसा नजारा देखने के लिए मिलता है।