रुद्रपुर। छठवें नेशनल वाटर अवॉर्ड के लिए प्रदेश में एकमात्र चयनित ऊधमसिंह नगर में हुए कार्यों को केंद्रीय टीम परख रही है। सेंट्रल ग्राउंड वाटर बोर्ड देहरादून से आए मोहम्मद अरशद और सेंट्रल वाटर कमीशन लखनऊ से अनुराग वर्मा ने एक-एक जगह जाकर जमीनी हकीकत को परखा।
केंद्रीय टीम बुधवार को सबसे पहले सिंचाई विभाग के जलशक्ति केंद्र पहुंची। यहां किए जाने वाले जल संबंधी समाधान की पूरी जानकारी ली। इसके बाद टीम गदरपुर पहुंची और यहां कैनाल लाइनिंग के कार्य को देखा। टीम ने लोअर भाखड़ा नहर की लाइनिंग का कार्य देखा। टीम ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय गदरपुर में रूफ टॉप हार्वेस्टिंग सिस्टम, खजिया कैनाल के लाइनिंग का निरीक्षण किया।
यहां से टीम हरिपुरा जलाशय पहुंची। यहां जलाशय और उसमें किए गए डिसिल्टिंग कार्य का निरीक्षण किया। यहां से काशीपुर में एसटीपी, कुंडेश्वरी में मत्स्य विभाग के तालाब को देखा।
टीम ने संजय वन में नर्सरी का निरीक्षण भी किया। सीडीओ दिवेश शाशनी ने विकास भवन में केंद्रीय टीम को विभिन्न कार्यों की जानकारी दी।