जनता दरबार में समस्याएं सुनने आए कप्तान ने पुलिस अधिकारियों की दौड़ लगवा दी। दौड़ में विजेता रहे आईटीआई थानाध्यक्ष को नगद एक हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया।
शनिवार को एसएसपी केवल खुराना काशीपुर जनता की समस्या सुनने पहुंचे। करीब 12 से अधिक समस्याएं सुनने के बाद अचानक उन्होंने सभी दरोगाओं और कोतवालों को लाइन पर खड़े होने का हुक्म दे दिया। अचानक इस प्रकार का आदेश सुनने पर एक बार को पुलिस अधिकारी भी सकते में आ गए। इसके बाद कप्तान खुराना ने कुर्सियां हटवाकर पांच-पांच पुलिस अधिकारी को करीब 50 मीटर दौड़ लगाने के आदेश दिए। पहली बार की दौड़ में आईटीआई थानाध्यक्ष अरुण सैनी प्रथम आए जबकि काशीपुर कोतवाल वीके जेठा सबसे पीछे रह गए। दूसरी बार में बांसफोड़ान चौकी इंचार्ज एमएस दसौनी प्रथम आए। इसके बाद दोबारा उन्होंने जीते प्रतिभागियों को दौड़ लगाने के निर्देश दिए। जिसमें दोबारा अरुण सैनी प्रथम, जबकि जसवीर चौहान दूसरे और कुंडा थानाध्यक्ष रमेश तनवार तीसरे नंबर पर रहे। उन्होंने सैनी को एक हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया। महिला दरोगा सरोज कांबोज के पीछे रह जाने पर उन्होंने कहा कि महिला दरोगाओं की स्थिति ठीक नहीं है।