काशीपुर। उप खनिज से भरे तेज रफ्तार डंपर के चालक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहा ट्रक उससे जा भिड़ा। हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक और डंपर को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रुद्रपुर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के कुछ खाली ट्रक सोमवार शाम को लक्सर में कहीं माल लोड करने जा रहे थे। इसमें से एक ट्रक लक्ष्मण सिंह (40) पुत्र लेखराज सिंह निवासी नंगला आंध्र मैनपुरी (यूपी) चला रहा था। रात लगभग एक बजे सभी ट्रक कुंडा थाना क्षेत्र से होकर गुजर रहे थे। एक माइनिंग कंपनी के बैरियर के पास लक्ष्मण के ट्रक के आगे उप खनिज से भरा डंपर जा रहा था। कंपनी कर्मियों के रोकने पर डंपर चालक ने एकाएक ब्रेक लगा दिए। लक्ष्मण कुछ समझ पाते इससे पहले ही ट्रक डंपर में पीछे से जा घुसा।
टक्कर के बाद वह ट्रक में फंस गए। लगभग आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोग उन्हें निकालकर मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने भर्ती करने से मना कर दिया। इस पर साथी चालक उन्हें सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान लक्ष्मण की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे लक्ष्मण के साथियों ने बताया कि वह अपने पीछे पत्नी पार्वती, दो बेटे कृष्णा (6) और बालकृष्ण (8) को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। घटना की परिजनों को सूचना दे दी गई है। चालक के साथियों ने बताया कि वह शव का पोस्टमार्टम कराकर शव मैनपुरी लेकर जा रहे हैं।