रुद्रपुर। सोमवार को भारत सेवा टीम ने सड़क पर तड़प रहे युवक की जान बचाने के लिए एंबुलेंस से शव को नीचे उतार दिया और पहले घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं सिडकुल पुलिस चौकी से पहुंची टीम ने एक डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है, जिस शव को लेकर एंबुलेंस जा रही थी वह दो दिन पहले काशीपुर हाईवे पर वाहनों से रौंदे गए युवक का ही था। टीम ने शव का दाह संस्कार चित्रशिला घाट रानीबाग ले जाकर किया है।
भारत सेवा टीम के ललित बिष्ट ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे घायल राजू (22) निवासी ग्राम कुंदरकी मुरादाबाद सड़क किनारे तड़प रहा था। उसके हाथ बुरी तरह कुचले हुए थे। भारत सेवा टीम ने एंबुलेंस में शव लेकर घाट जा रही थी। सड़क पर युवक को तड़पता हुआ देख टीम ने तय किया कि शव का दाह संस्कार बाद में करेंगे पहले घायल को अस्पताल ले जाएंगे। यहां सड़क पर एक सदस्य शव की निगरानी करता रहा।
बाकी सदस्य घायल को सड़क से उठाकर एंबुलेंस में लाए और उसे उपचार के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत में अब सुधार है। घायल को अस्पताल पहुंचाने वालों में भारत सेवा टीम के अध्यक्ष मनीष कुमार, सचिव प्रवेश कुमार भी शामिल थे।