गदरपुर। नगर के मुख्य बाजार के अलावा गूलरभोज मार्ग और सकैनिया मोड़ पर ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। बिना निर्धारित स्टैंड के सड़कों के बीचों-बीच ई-रिक्शा खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। बाजार क्षेत्र होने के कारण यहां पैदल यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि चालक ई-रिक्शा को लापरवाही से चलाते हैं। कई बार अचानक ब्रेक लगाने और गलत दिशा में ई रिक्शा दौड़ाने से हादसे की आशंका बनी रहती है। ई-रिक्शाओं के किराए का कोई निर्धारण न होने से चालक मनमाने तरीके से यात्रियों से पैसे वसूल रहे हैं। इससे आमजन में नाराजगी बढ़ती जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि अव्यवस्था के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
नगरपालिका के ईओ कैलाश सिंह पटवाल ने बताया कि ई-रिक्शाओं की अव्यवस्थित आवाजाही और स्टैंड की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नगर पालिका और संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर ई-रिक्शा स्टैंड चिह्नित किए जाएंगे और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि किराए के निर्धारण और चालकों के सत्यापन को लेकर भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।