सितारगंज। कौशल विकास, सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने राज्यभर के 80 आईटीआई संस्थानों के छात्रों से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सीधा संवाद किया। इस दौरान छात्रों ने प्रशिक्षण के बाद जॉब मिलने में आ रही दिक्कतों से मंत्री बहुगुणा को अवगत कराया। मंत्री बहुगुणा ने अफसरों का निश्चित समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान कर उनके निस्तारण के निर्देश दिए।
मंगलवार को आईटीआई सितारगंज में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने छात्रों से संवाद किया। नई टिहरी, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा के आईटीआई छात्रों ने मंत्री बहुगुणा को बताया कि चुनाव के दौरान उनके विद्यालयों के भवन का अधिग्रहण कर लिया जाता है। जिससे करीब चार माह तक शिक्षण व प्रशिक्षण कार्य बाधित हो जाता है। मंत्री बहुगुणा ने सचिव सी रविशंकर को संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी से वार्ता कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए ताकि चुनाव के दिनों में इतने लंबे समय तक शिक्षण कार्य बाधित न रहे।
प्रदेश भर के कई आईटीआई संस्थानों के छात्रों ने बताया कि उनके संस्थान में सफाई कर्मी के पद नहीं होने से सफाई कर्मी तैनात नहीं हैं। मंत्री बहुगुणा ने मौके पर मौजूद निदेशक संजय कुमार से प्रदेश के सभी आईटीआई में सफाई कर्मियों के पदों व तैनाती का विवरण तलब किया। पर्वतीय क्षेत्र के छात्रों ने आवागमन के लिए ट्रांसपोर्टेशन की समस्या बताते हुए छूट की मांग की। छात्र-छात्राओं ने छात्रावास, अनुदेशकों की उपलब्धता, नई मशीनों व टूल्स, कंप्यूटर, कैंटीन, बस पास सुविधा, प्लेसमेंट और एनसीसी की सुविधाओं के अलावा खेल मैदान के लिए आवश्यक सुविधाओं की मांग की।
मंत्री बहुगुणा ने सचिव व निदेशक को तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। आईटीआई पुरोला के छात्रों ने बताया कि वर्ष 2012 से विद्यालय सरकारी अस्पताल के भवन में चल रहा है। मंत्री बहुगुणा ने सचिव को डीएम से वार्ता कर समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह, संयुक्त निदेशक मयंक अग्रवाल, प्रधानाचार्य लोकेश चंद्र भट्ट उपस्थित रहे।
-वर्जन
छात्र-छात्राओं की सभी समस्याओं का शीघ्र ही प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाएगा। हमारा लक्ष्य उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक स्तर के कौशल से लैस करना है।- सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री