नानकमत्ता। मायके से होली मिलकर स्कूटी से लौट रहीं थारू जनजाति की प्रथम लोक गायिका रिंकू राणा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
नौगजा, कल्याणपुर निवासी जनजाति की प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा (33) पत्नी महेश राणा बृहस्पतिवार को स्कूटी से अपने मायके गांव बिचपुरी खैरना गई थीं। गायिका रिंकू के साथ उनकी भतीजी जिया राणा भी थीं। दोपहर करीब 12:30 बजे वह सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर किसी से बात कर रही थीं, इसी दौरान तेज गति से आ रही ईटों से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राॅली के चालक ने उनको टक्कर मार दी। हादसे में रिंकू राणा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली को मौके पर छोड़ कर भाग गया।
आसपास के लोगों ने घायल रिंकू राणा को उप जिला अस्पताल सितारगंज पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी भतीजी की हालत सामान्य है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। परिजनों ने बताया कि रिंकू का एक पुत्र है, जो चौथी कक्षा में पढ़ता है।