व्यापार मंडल के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि वर्ष-2018 तक तराई भाबर के हर गांव को सड़क से जोड़ दिया जाएगा, इसके लिए एक हजार सड़कें स्वीकृत की गई हैं। पूर्व की तुलना में साढे़ 13 घंटे के सापेक्ष राज्य में 23 घंटे बिजली दी जा रही है। गन्ने का लंबित 85 प्रतिशत भुगतान राज्य सरकार दे चुकी है। उन्होंने खटीमा में भव्य शहीद स्मारक, झनकट बाजार में स्ट्रीट लाइट और सुलभ शौचालय निर्माण की घोषणा की।
झनकट में आयोजित व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए सीएम ने व्यापारियों के हित में काम करने की अपील की। कहा कांग्रेस सरकार आधार कार्ड की तर्ज पर स्वास्थ्य कार्ड, जमीन कार्ड के बाद अब जानवरों का भी कार्ड जारी करेगी। केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए सीएम रावत ने कहा राष्ट्रपति शासन की व्यवस्था कर उन्हें सत्ता से हटाने और राज्य का बजट बंद कर गला घोटने का पूरा प्रयास हुआ था। इतना ही नहीं सीबीआई के माध्यम से जेल भेजने की पूरी व्यवस्था की गई थी। न्यायालय से मिली राहत के बाद सरकार अपने बूते बिना केंद्र की आर्थिक सहायता के बमुश्किल चल पा रही है।
पूर्व विधायक गोपाल सिह राणा ने खेल स्टेेडियम एवं झनकट में कन्या हाईस्कूल की मांग की। सभा को नारायण सिंह बिष्ट, देवेंद्र जुनेजा राजू, देवेद्र चंद, भुवन कापड़ी, हरीश बोरा, प्रकाश तिवारी, बहीद उल्ला खान, कुवर सिंह खनका, दलजीत गौराया, अशोक बत्रा, सुखदेव सिंह लाडी, महेंद्र ठाकुर, दयाकिशन कलोनी ने समस्याएं गिनाई।
इस अवसर पर बाबी राठौर, राजेश राणा, तरुण ठाकुर, अरुण सक्सेना, रवीश भटनागर, रेखा सोनकर, बलकार सिंह, बरींदर महरोक, साधू सिंह नामधारी, बीना राणा, देवेन्द्र राणा, रंजीत राणा, भुवन राणा, प्रीतम राणा, नासिर, अशोक दिनकर नईम रिजवी, भजन सिंह राणा आदि थे।
सीएम के साथ मंच साझा करने को लगी रही होड़
व्यापार मंडल के शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि सीएम हरीश रावत के साथ कांग्रेसियों के मंच पर चढ़ने से अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सीएम रावत को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को शपथ दिलाने एवं अपने संबोधन के लिए माइक तक पहुंचने में खासी मशक्कत करनी पडी।
शहीदों की वीरांगनाओं को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया
देश की रक्षा के लिए सीमा पर अपनी शहादत देने वाले शहीदों की सात वीरांगनाओं को मुख्यमंत्री रावत ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सीएम ने कहा शहीदों की शहादत से ही देशवासी सुरक्षित अमन-चेन की जिंदगी जी रहे हैं। उन्होंने शहीदों की शहादत की याद में एक भव्य शहीद स्मारक निर्माण की घोषणा की। सम्मानित होने वालों में पार्वती देवी पत्नी शहीद दान सिंह, शांति देवी पत्नी शहीद चंद्र शेखर, कलावती पत्नी शहीद जगदीश चंद्र, चंद्रकला पत्नी शहीद जगदीश, कलावती पत्नी शहीद प्रकाश चंद्र सहित सरत वीरांगनाएं थीं।
काला झंडा दिखाने से पहले ही हिरासत में लिए भाजपाई
विधायक डा. प्रेम सिंह राणा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री वापस जाओ नारे लगाते हुए काले झंडे दिखाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मुख्यमंत्री के आने से पहले ही विधायक राणा सहित भाजपाइयों को हिरासत में ले लिया और बस में भरकर कोतवाली पहुंचा दिया। डा. राणा ने कहा सीएम कोरी घोषणाएं कर रहे हैं और अपनी जनसभाओं में प्रोटोकाल का भी ध्यान नहीं रख रहे हैं। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष धन सिंह सामंत, नंदन सिंह खड़ायत, जगदीश पांडे, रमेश जोशी, जितेंद्र वर्मा, लाल सिंह बोरा, भुवन जोशी, बल्देव सिंह, गणेश जोशी, रोशन सिंह आदि शामिल थे।