दस दिन से लापता श्रमिक की जंगल में नदी किनारे झाड़ियों के बीच लाश पड़ी मिली। इससे आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई। पुलिस ने सड़ी गली अवस्था में पड़े मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बीती 25 सितंबर को परेवा अनून थाना बरखेड़ा जिला पीलीभीत निवासी लालाराम पुत्र पूरन लाल सिडकुल की एक कंपनी के ठेकेदार मोहित सिंह बासू से लेवरी की पेमेंट लेने आया था। तब से वह अपने घर नहीं लौटा। 29 सितंबर को लालाराम के बेटे मुन्ना लाल ने प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर पिता के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद से पुलिस लापता की तलाश में जुटी थी।
सोमवार को उकरौली गांव में रहने वाले लापता लालाराम के भतीजे हेमराज ने पुलिस को रंसाली वन क्षेत्र में नंधौर नदी के किनारे झाड़ियों में उसकी लाश पड़े होने की सूचना दी। जिस पर सरकड़ा चौकी इंचार्ज योगेश दत्त सिडकुल पुलिस चौकी के साथ घटनास्थल पहुंचे। चौकी इंचार्ज योगेश ने बताया कि लालाराम की लाश सड़ी गली अवस्था में पड़ी थी। बताया कि लालाराम की शिनाख्त उसके भतीजे ने कपड़े और गले में पड़े गमछे से की। शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा है।