पुलिस ने चोरी की पांच बाइक समेत गिरोह के एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सरगना बिट्टू निवासी किलावरी जसपुर की तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस टीम को दर्जा मंत्री हरेंद्र सिंह लाडी ने 5100, एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने 2500, एएसपी कमलेश उपाध्याय ने 1500 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की। 3 अक्तूबर को पुलिस टीम ने लूट का डंपर सहित पांच को गिरफ्तार किया था।
सोमवार को सीओ राजीव मोहन ने बताया कि कोतवाल ओपी शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खी निवासी नानकमत्ता को चोरी बाइक सहित पकड़ लिया। यह बाइक ब्लॉक चौकीदार प्रताप सिंह की थी जिसे चोरों ने 24 सितंबर को बाजपुर रेलवे स्टेशन से चुराया था। उसकी निशानदेही पर रामपुर रोड स्थित खंडहर से लाल रंग की बाइक संख्या यूपी22/ एच 5585, काले रंग और बिना नंबर प्लेट की होंडा शाइन , स्पलैंडर सीडी डीलक्स बिना नंबर प्लेट, काले रंग की बाइक नंबर यूपी 22/3040 बरामद हुई। सुक्खी और उसका गुरु बिट्टू बाइक चोरी कर इसी खंडहर में छिपाते थे। सुक्खी इससे पहले नानकमत्ता थाने से दफा 25 आर्म्स एक्ट के तहत जेल जा चुका है। यूपी के समीपवर्ती थानों से भी आरोपियों के आपराधिक रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं। बरामद बाइकों में से यूपी के बिलासपुर (रामपुर) से दो, नानकमत्ता, रामपुर रेलवे स्टेशन से एक बाइक चुराई गई है। टीम में एसएसआई सलाउद्दीन, एसआई योगेश कुमार, एसआई मनीष खत्री, कपिल कुमार, प्रभात चौधरी, कुंदन रौतेला, सामेश रावत थे।