अधिकारी पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहसील कर्मी ने नुवान पीकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने जहर की शीशी छीनकर उसके प्रयास को विफल कर दिया।
रामश्याम कालोनी निवासी संजीव चौहान तहसील में प्रति लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे संजीव चौहान तहसीलदार के कमरे में गए और रोना शुरू कर दिया। इससे वहां लोग एकत्र हो गए। समझाने के बाद जब वह बाहर आए तो प्रति लिपिक ने जेब में रखी नुवान की शीशी बाहर निकाल ली। इस पर कुछ लोगों की नजर तहसील कर्मी पर पड़ गई। जैसे ही तहसील कर्मी ने जहर पीने का प्रयास किया, वैसे ही लोगों ने शीशी छीनकर फेंक दी। शोर होने पर मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। प्रति लिपिक को लोगों ने घर पहुंचाया। उसने बताया कि उसका आठ महीने पहले रुद्रपुर से काशीपुर तबादला हुआ था। अब बिना कारण के ही स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद तबादला जसपुर डाटा एंट्री आपरेटर के पद पर किया जा रहा है। तहसील कर्मी ने पूर्व एसडीएम पर मनोबल तोड़ने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। मामले की सूचना डीएम को भी दे दी गई है। एसडीएम पीएस राणा ने कहा कि कर्मचारी की बात सुनी जाएगी। जो परेशानी होगी उसी आधार पर हल निकाला जाएगा।