आवास विकास क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक किशोर तमंचे से चली गोली से घायल हो गया। इस घटना से परिजन भी हैरान हैं। उन्होंने तत्काल घायल किशोर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने किशोर की हालत गंभीर बताते हुए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर सीओ राजेश भट्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसी बीच एएसपी पंकज भट्ट भी पहुंचे और उन्होंने परिजनों से मामले की जानकारी ली।
थाना ट्रांजिट कैंप की आवास विकास कालोनी में शिव शक्ति मंदिर के समीप निवासी 15 वर्षीय गुरजीत सिंह पुत्र गुरनाम सिंह मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर के अंदर तमंचे से चली गोली से लहूलुहान हो गया। किशोर के बायीं ओर पेट में गोली लगी है। किशोर को लहूलुहान देख घर में कोहराम मच गया। गुरनाम व भाई उसे लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के लिये रेफर कर दिया।
आवास विकास में गोली से किशोर के घायल होने की सूचना पर आवास विकास चौकी प्रभारी डीआर टम्टा, एसआई जसवंत सिंह मय पुलिस फोर्स के पहुंचे। थोड़ी देर बाद सीओ सिटी भी पहुंचे। एएसपी पंकज भट्ट ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से तौलिया और अन्य कपड़े जब्त किए हैं। एएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। तमंचे से चली गोली कमरे की खिड़की का शीशा और जाली को पार करती हुए बाहर निकल गई।
तमंचा कहां से लाया गया, इसकी भी जांच होगी। एएसपी ने बताया कि जांच में यह भी मामला प्रकाश में आया उस मकान में कई किरायेदार हैं। उन किरायेदारों में तीन युवतियां भी हैं। उन युवतियों का आज सुबह मोबाइल चोरी हो गया था। वह मोबाइल किशोर से उसकी मां ने दिलवा दिया। उन्होंने आशंका जताई कि हो सकता है किशोर ने परिजनों के डर से घटना को अंजाम दिया हो। फिलहाल मामला पुलिस की जांच पर टिका है।
तहेरा भाई तमंचा लेकर थाने पहुंचा
चौकी इंचार्ज डीआर टम्टा के मुताबिक घटना के बाद घायल किशोर का तहेरा भाई नवजोत सिंह तमंचा लेकर सीधे थाना ट्रांजिट कैंप पहुंचा और तमंचे को पुलिस को सौंप दिया। तमंचा 315 बोर का है।