एक युवक निकाह करने का झांसा देकर किशोरी से छह महीने से दुराचार करता रहा। आठ दिन पहले आरोपी किशोरी को भगाकर भी ले गया था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इधर वादी ने एक सिपाही पर हाथापाई करने का आरोप लगाया। मामले ने तूल पकड़ा तो सिपाही ने खेद जताकर रफा दफा कर दिया।
बुधवार की रात क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कुंडा थाने में तहरीर देकर कहा कि गांव का ही रहने वाला दानिश पुत्र मुन्ना उसकी नाबालिग बेटी का छह महीने से यौन शोषण कर रहा है। 8 दिन पहले आरोपी उसकी बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले गया था।
उसने बेटी को निकाह करने का झांसा भी दिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376, 3/4 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था।
पीड़ित ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस ने उसे बयान लेने के लिए थाने में बुलाया था। इसी दौरान थाने में मौजूद सिपाही ने उसके साथ मारपीट की। यह मामला एएसपी कमलेश उपाध्याय तक पहुंचा तो थाने में खलबली मच गई।
आनन-फानन में सिपाही ने वादी के समक्ष खेद जताया और मामले का पटाक्षेप हो गया। एसओ नासिर हुसैन ने बताया कि किशोरी से रेप के आरोपी दानिश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।