रुद्रपुर। नगर क्षेत्र में नाबालिगों को वाहन थमाने का सिलसिला नहीं रुक रहा है। सिटी पेट्रोल यूनिट ने वाहनों की चेकिंग के दौरान 16 वर्षीय किशोर को बाइक चलाते पकड़ा। सीपीयू ने उसके अभिभावक पर 26,500 रुपये का जुर्माना लगाया है।
सीपीयू प्रभारी गोधन सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान नगर के दशमेश द्वार के पास एक किशोर बाइक चलाते मिला। वह लाइसेंस नहीं दिखा पाया और उसने हेलमेट भी नहीं लगाया था। बाइक की नंबर प्लेट भी त्रुटिपूर्ण थी। किशोर के आधार कार्ड में उसकी उम्र 16 वर्ष थी। इस पर किशोर को वाहन देने पर अभिभावक पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट लगाने पर एक हजार रुपये और हेलमेट नहीं होने पर पांच सौ रुपये का चालान किया गया। इससे पहले सीपीयू पिछले दो महीने में 17 किशोरों को वाहन चलाते पकड़ चुकी है।