काशीपुर। जागरूकता के अभाव में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) वैक्सीनेशन अभियान को गति नहीं मिल रही है। काशीपुर अस्पताल में अब तक 92 किशोरियों को ही वैक्सीन लग सके हैं।
जिले में 28 फरवरी से एचपीवी अभियान का शुभारंभ हुआ है। इसके तहत सर्वाकल कैंसर से बचाव के लिए बालिकाओं को वैक्सीन लगाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग इसके लिए लगातार प्रयास करने का दावा कर रहा है लेकिन विभागीय कर्मी स्कूलों में शिविर नहीं लगा रहे हैं। अस्पताल आने वाले अभिभावकों से ही बालिकाओं को वैक्सीन लगाने का आग्रह करते हैं। उनके मना करने पर वह शांत हो जा रहे हैं।
काशीपुर में एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय की टीकाकरण प्रभारी मीना भट्ट ने बताया कि अस्पताल को 500 डोज मिली हैं। नौ मार्च से अस्पताल में सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार को वैक्सीन लगाई जा रही है। अभी तक 92 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। रामनगर रोड स्थित निजी स्कूल में शिविर के लिए गए थे। उन्होंने मना कर दिया है। जागरूक करने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
बता दें कि केंद्र सरकार की ओर से भी सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नौ से 14 वर्ष की बालिकाओं को यह टीका लगाया जा रहा है।
प्रदेश में सबसे अधिक ऊधमसिंह नगर में एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। काशीपुर में कम क्यों हो रही है इसकी जानकारी लेकर स्कूलों में शिविर लगाने के निर्देश दिए जाएंगे।
- डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, ऊधमसिंह नगर