रुद्रपुर। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जैसे ही भारत ने न्यूजीलैंड पर जीत दर्ज की, रुद्रपुर में होली से पहले दिवाली की तरह आतिशबाजी होने लगी। क्रिकेट प्रशंसक ढोल नगाड़े के साथ सड़कों पर उतर आए। क्रिकेट फैंस ने काशीपुर बाईपास पर एकत्र होकर आतिशबाजी करके जश्न मनाया।
भारत ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम किया। आईसीसी टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार दूसरी खिताबी जीत है। इससे पहले 2024 में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप का खिताब जीता था।
समाजसेवी सुशील गाबा ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा और फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। वहां जगदीश तनेजा, पारस तनेजा, हीरा सिंह, करण कुमार, राज कश्यप, राहुल पाल, आयुष्मान गाबा, हरपाल सिंह, लखबीर सिंह, मनीष गोस्वामी, विकास, आदि सहित दर्जनों नौजवान उपस्थित रहे।