रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। कोतवाली क्षेत्र के कौशल्या कॉलोनी में रहने वाली सहायक अध्यापिका की संदिग्ध परिस्थितियों में आग में जलकर मौत हो गई। क्षेत्र के लोगों ने केयर टेकर पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए और पोस्टमार्टम के लिए शव मोर्चरी में रख दिया है।
मूलरूप से अल्मोड़ा और हाल कौशल्या फेस दो निवासी 52 वर्षीय सुषमा पंत किच्छा के सिरोलीकलां प्राइमरी स्कूल में सहायक अध्यापिका थीं। वह यहां 2010 से तैनात थीं। उनके पिता जीबी पंत कृषि विवि पंतनगर से प्राध्यापक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। कुछ समय पहले उनका निधन हो चुका है जबकि मां आवास विकास में रहती हैं।
पुलिस के अनुसार शिक्षिका सुषमा फेस-दो में किराये के मकान में रहती थीं। उनके साथ यूपी के आजमगढ़ निवासी विवाहित अजय मिश्रा 14-15 वर्षों से केयर टेकर के रूप में रह रहा था। अजय मिश्रा का दक्ष चौराहे पर रेस्टोरेंट है।
मंगलवार सुबह सुषमा पंत घर पर ही थी जबकि अजय मिश्रा सुबह सवा सात बजे मुख्य गेट बंद करके रेस्टोरेंट चला गया। अजय ने पुलिस को बताया कि उसके जाने से पहले सुषमा ने घर के बाहर से गुलाब के फूल पूजा-पाठ के लिए तोड़े थे। दोपहर को जब अजय मिश्रा घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। उसने दरवाजे को धक्का देकर खोला तो कमरे में सुषमा की जली लाश पड़ी थी। यह देख उसने शोर मचाया। इस पर आसपास के लोग एकत्र हो गए।
बाद में सोसायटी के अध्यक्ष सुरेंद्र गंगवार ने पुलिस को सूचना दी। इस पर एसएसआई नवीन बुधानी, एसआई नवीन जोशी, एएसआई मोहन जोशी और फोरेंसिक टीम प्रभारी सत्यप्रकाश रायपा पहुंचे और घटना की जानकारी ली। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अजय मिश्रा पर जलाकर शिक्षिका की हत्या करने का आरोप लगाया है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मामला संदिग्ध है। अजय मिश्रा से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पुष्टि हो पाएगी कि उसकी जलाकर हत्या की गई है या आत्महत्या है।