उत्तराखंड सीड्स कारपोरेशन (टीडीसी) के प्रबंध निदेशक श्रीधर बाबू अद्दांकी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक में कहा कि कड़े परिश्रम और अनुशासन से ही टीडीसी को लाभकारी इकाई बनाया जा सकता है।
मुख्यालय पर आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिहार और अन्य प्रदेशों में टीडीसी के बीजों की बिक्री का काम 17 दिसंबर तक पूरा करें। किसी भी दशा में बीजों की बिक्री उधार में न की जाए। उन्होंने कृषक अंशधारियों द्वारा आपूर्ति किए गए बीजों का 50 फीसदी तक भुगतान सुनिश्चित करने, टीडीसी कर्मियों को एक महीने का वेतन देने के निर्देश दिए।
इस मौके पर बताया गया कि टीडीसी को घाटे से उबारना सभी की जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही घाटे की भरपाई की जा सकती है। प्रबंध निदेशक ने आवासी कालोनियों एवं बाल मंगलम विद्यालय का भी औचक निरीक्षण कर समस्याओं की जानकारी भी ली। इस मौके पर महाप्रबंधक पीके सिंह, डॉ.तृप्ति श्रीवास्तव, आरके निगम, डॉ.दीपक पांडेय, गंगा सिंह बिष्ट, अजीत सिंह, बीडी तिवारी, आरएस बिष्ट, कमल श्रीवास्तव आदि थे।