राज्य कर विभाग ने ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों में टैक्स नहीं देने पर 32 प्रतिष्ठानों पर छापामारी की। दोनों जिलों में 331 करोड़ के टर्नओवर पर टैक्स चोरी पकड़ी गई। विभाग ने 85 लाख रुपये टैक्स वसूला।
राज्य कर विभाग के मुताबिक ई वे बिल लागू होने के बाद सैकड़ों कंपनियां खरीद तो कर रही हैं लेकिन न तो बिक्री का ब्योरा दे रही हैं न ही टैक्स जमा कर रही हैं। इस पर विभाग ने ई वे बिल से ही 50 लाख से ज्यादा का माल खरीदने वाली कंपनियों को चिन्हित किया गया। इन कंपनियों पर एक साथ छापामारी की योजना बनाई गई।
इसी क्रम अपर आयुक्त रुद्रपुर अनिल सिंह, अपर आयुक्त काशीपुर बीएस नगन्याल और संयुक्त आयुक्त पीएस डुंगरियाल के नेतृत्व में 54 अफसरों की 16 टीमों ने मंगलवार को रुद्रपुर, सितारगंज, खटीमा, किच्छा, जसपुर, काशीपुर, हल्द्वानी में एक साथ 32 प्रतिष्ठानों पर छापामारी की।
रुद्रपुर और काशीपुर जोन में 29 और हल्द्वानी में 3 प्रतिष्ठानों पर छापामारी हुई। जांच में सामने आया कि 331 करोड़ के टर्नओवर पर टैक्स चोरी पकड़ी गई। इधर एक साथ हुई छापामारी से कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीमों ने मौके से ही 85 लाख रुपये टैक्स के वसूल किए हैं। कारोबारियों को समय से रिटर्न और टैक्स देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
ये अफसर रहे शामिल
अरविंद प्रताप सिंह, वाई के मित्तल, सुमन जंगपांगी, शशिकांत आर्य, राहुल वर्मा, एनएस वोरा, रणवीर, शिवेंद्र सिंह, निशिकांत सिंह, निखिलेश श्रीवास्तव, केके पांडे, भुवन पांडे, आशीष ठाकुर, विनय प्रकाश ओझा, उर्मिला पिंचा, शैलजा पाठक, चंद्रकला पचपाल, मो. यासीर, अशोक कुमार, अनिल चौहान आदि मौजूद थे।