रुद्रपुर। कच्चे आढ़तों पर धान खरीद का लक्ष्य पूरा हो गया है जिससे किसानों के आगे धान बेचने का संकट खड़ा हो गया है। क्योंकि सरकारी क्रय केंद्र पर एक दिन में मात्र 400 क्विंटल धान खरीद हो रही है। लक्ष्य पूरा होने पर भड़के किसानों ने डीएम को पत्र सौंपकर लक्ष्य बढ़ाकर दोबारा धान खरीद कराने की है।
शुक्रवार को कांग्रेस नेता गणेश उपाध्याय व किसान नेता तजिंदर विर्क की अगुवाई में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनका कहना था कि खेत पर अभी धान की फसल खड़ी है। कच्चे आढ़तों को सरकार की ओर से धान खरीद का जो लक्ष्य दिया गया था वह लगभग पूरा हो गया है। ऐसे में कच्चा आढ़ती अब धान खरीदने से मना कर रहे हैं जिससे उनका धान बिकना मुश्किल हो जाएगा। सरकारी क्रय केंद्र पर हर दिन 400 क्विंटल धान खरीद होने से कच्चा आढ़त पर धान बेचना किसानों की मजबूरी है। सरकारी क्रय केंद्र पर भी धान खरीद लक्ष्य के करीब पहुंच गई है।
उपाध्याय का कहना था कि उन्होंने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी जिसके बाद सरकार ने हाईकोर्ट में शपथपत्र दिया था कि किसानों की फसल का भुगतान 24 घंटे से एक भीतर में करेंगे लेकिन 13 दिन बाद भुगतान नहीं किया गया है।
डीएम नितिन भदौरिया ने किसानों को आश्वासन दिया कि लक्ष्य बढ़ाने के संबंध में सीएम की सचिव से वार्ता हुई है जिसमें किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाएगा। डीएम से मुलाकात के बाद कुछ किसानों ने सरकारी क्रय केंद्र के बाहर पहुंचकर भी आक्रोश व्यक्त किया। इस मौके पर सतनाम सिंह, गुरजीत सिंह, रणजीत सिंह, कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।