ऑल इंडिया फीडे रेटेड ओपन शतरंज प्रतियोगिता का रविवार को यहां पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता में कुल नौ राउंड मैच खेले गए। नौ राउंड के बाद सर्वाधिक अंक लेकर तमिलनाडु के रघुरमन वी पहले, कोटद्वार के अथर्व बिष्ट दूसरे और रुद्रपुर के प्रियवर्त कोठारी तीसरे स्थान पर रहे। ओपन वर्ग के तहत अंडर 15 में यूपी के अर्षित मौर्या प्रथम, हल्द्वानी के सृजन उनियाल द्वितीय और तमिलनाडु के श्याम सुंदर तृतीय रहे।
उत्तरांचल राज्य शतरंज संघ की ओर से यहां कॉन्फ्लूएंस वर्ल्ड स्कूल में पांच दिनों तक चल रही प्रतियोगिता में उत्तराखंड, यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों के 103 प्रतिभागियों ने शिरकत की। मुख्य अतिथि अर्जुन अवार्डी भारतीय ग्रैंड मास्टर प्रवीण थिप्से, कुमाऊं विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नागेंद्र शर्मा व डॉ. मनदीप सिंह ने विजेता खिलाड़ियों ट्राफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। ओपन वर्ग में पहले तीन खिलाड़ियों को ट्रॉफी और बाकी को मेडल दिए गए।
प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उत्तरांचल राज्य शतरंज संघ के अध्यक्ष धीरज रघुवंशी, महासचिव संजीव चौधरी, चीफ आर्बिटर मृत्युंजय सिंह, आर्बिटर अमित गंगवार, आयोजन समिति के अध्यक्ष पुनीत छाबड़ा, नीरज शाह, संजय चड्डा आदि मौजूद रहे।
इन खिलाड़ियों को मिले मेडल
हल्द्वानी के प्रखर कोठारी और प्रत्युष फुलेरा, लालकुआं के हिमांशु कुनियाल, किच्छा के रोमिल पासी, हल्द्वानी के ही सीएस मेहरा, किच्छा के हर्षित निषाद और मुरादाबाद के ख्याति हस्तिर।
--------------
हल्द्वानी के खिलाड़ियों का रहा जलवा
रुद्रपुर। राष्ट्रीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता की अन्य श्रेणियों में भी हल्द्वानी के खिलाड़ियों का जलवा रहा। अंडर 15 में यूपी के अर्षित मौर्या प्रथम, हल्द्वानी के सृजन उनियाल द्वितीय, तमिलनाडु के श्याम सुंदर तृतीय रहे। अंडर 12 में हल्द्वानी के भार्गव सती प्रथम, काशीपुर के शुभम सैनी द्वितीय व हल्द्वानी के तेजस जोशी तृतीय रहे। अंडर 8 में हल्द्वानी होली एंजिल कान्वेंट स्कूल के अनंजन त्रिपाठी प्रथम, चित्राक्षी आर्या द्वितीय व बरेली की आराध्या गौतम तृतीय स्थान पर रहे।
फीमेल में हल्द्वानी की आयुषी कांडपाल प्रथम, मेरठ की तनुजा कंसल द्वितीय व हल्द्वानी की कशिश बिष्ट तृतीय रही। ब्लो रेटेड में क्रमश: रुद्रपुर के मिथुन रॉय, टिहरी के दीपक आर्या व काशीपुर के जितेंद्र कुमार रहे। अनरेटेड में क्रमश: यूपी के अनूप कुमार, किच्छा के युगल चौधरी व देहरादून के पुनीत असवाल शामिल रहे।