रुद्रपुर। जिले में 27 जून से तीन जुलाई तक होने वाले उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान की सफलता के लिए सीडीओ हिमांशु खुराना ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जिला टास्क फोर्स की बैठक की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी एसडीएम और सीएमएस ठोस कार्ययोजना बनाएं। कोविड वैक्सीनेशन के साथ पल्स पोलियो के कार्य को गंभीरता से लें।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में सीडीओ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर एसडीएम और सीएमएस को निर्देश दिए कि पोलियो बूथों पर कोविड-19 गाइडलाइन के अनुसार मास्क, सैनिटाइजर, सामाजिक दूरी का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए। कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल ने बताया कि जिले में 2,70,187 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है और 1297 बूथ बनाए गए हैं। जिले में 832 टीमें गठित की गई हैं। वहां संयुक्त मजिस्ट्रेट विशाल मिश्रा, एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक, जिला युवा कल्याण अधिकारी मोहन सिंह नगन्याल, एसएमओ डब्लूएचओ डॉ. मनु खन्ना, सहायक जिला पंचायतराज अधिकारी महेश कुमार, डॉ. अजयवीर सिंह आदि थे। (संवाद)