काशीपुर। एक निजी अस्पताल महिला कर्मी का संदिग्ध हालत में शव कमरे में मिलने से खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है महिला एक किराये के मकान में अकेले रहकर अस्पताल में नौकरी करती थी।
यूपी के जिला बरेली के होली चौक शांति बिहार निवासी डिंपल भास्कर (30) कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के नीझड़ा में एक मकान में ऊपरी मंजिल पर किराये पर रह रही थी। वह गिरीताल स्थित एक निजी अस्पताल में असिस्टेंट स्टाॅफ की नौकरी बीते लगभग एक साल से कर रही थी। बताया जा रहा है डिंपल से मानपुर निवासी विशेष समुदाय का एक युवक अपना नाम बदलकर समय-समय पर मिलने आया करता था। उस युवक के मुताबिक डिंपल से वह बीते सोमवार की शाम को भी मिलने आया था। वहीं उसने सुबह मकान मालिक को फोन करके कहा कि डिंपल फोन रिसीव नहीं कर रही है।
तब उन्होंने ऊपर जाकर देखा तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजे के ऊपर लगी जाली से बमुश्किल दरवाजे की कुंडी खोली और अंदर जाकर देखा तो डिंपल का शव बेड पर पड़ा हुआ था। उसके दाएं हाथ में कैनुला लगी हुई थी। मकान मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया। इसमें विशेष समुदाय के युवक के संबंध में लिखा है कि वह अक्सर उससे रुपये की मांग करके ब्लैकमेल करता था।
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक डिंपल उनके यहां बीते एक साल से असिस्टेंट स्टाफ के रूप में काम कर रही थी। बीती पांच अक्तूबर को वह अवकाश पर थी। छह जुलाई को वह अस्पताल ड्यूटी पर नहीं आई थी। एसएसआई अनिल जोशी ने बताया मृतका के बरेली निवासी परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इनसेट कोट....
अस्पताल कर्मी डिंपल भास्कर के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम के रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों को पता चल सकेगा। परिजनों के काशीपुर पहुंचने पर ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।- दीपक सिंह, सीओ, काशीपुर