रुद्रपुर। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों ने 17 साल पहले व्यापारी के लाखों रुपये जमा करने के बावजूद दो दुकानों का आवंटन न किए जाने पर आक्रोश जताया। उन्होंने सुपरटेक के मार्केटिंग हेड का घेराव कर प्रदर्शन किया और व्यापारी को शीघ्र दुकान आवंटित करने की मांग की। ऐसा न होने पर मार्केटिंग हेड के दफ्तर में तालाबंदी की चेतावनी दी।
शुक्रवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में सुपरटेक कार्यालय के समक्ष व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। वहां मार्केटिंग हेड सुशील कुमार का घेराव कर शीघ्र ही पांच मंदिर निवासी विनोद चावला की दो दुकानें आवंटित करने की मांग की। जुनेजा ने कहा कि नैनीताल मार्ग पर स्थित सुपरटेक के बिग बाजार मॉल में करीब 17 साल पहले व्यापारी ने दो दुकानों के लिए 17 लाख रुपये का एडवांस भुगतान किया था। उन्हें जो दुकानें दी जा रही थीं, उनमें एक बड़ा पिलर होने के कारण अन्य दुकान देने की बात कही गई। इस पर प्रबंधक ने सहमति भी जताई थी। लेकिन 17 साल बीते गए, प्रबंधक की ओर से सिर्फ आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। इस दौरान सुपरटेक के उपाध्यक्ष संजय अरोरा से मोबाइल पर बातचीत में जुनेजा ने 15 जुलाई तक दुकानें आवंटित करने का समय दिया। ऐसा न होने पर मार्केटिंग हेड के दफ्तर को बंद करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन में मनोज छाबड़ा, संदीप राव, राजेश चावला, संजू बेदी, राजेश, ओम प्रकाश सलूजा, राजीव छाबड़ा और मनीष साहनी आदि शामिल रहे।