पीएनबी के एक अधिकारी ने बहुमंजिला आनंद होम अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार अधिकारी लंबे समय से डिप्रेशन में था।
सरस्वती विहार, देहरादून निवासी शैलेश मल कुंडेश्वरी मार्ग पर स्थित आनंद होम अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल पर किराये पर रहते थे। वे पीएनबी शाखा माता मंदिर रोड में अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। शनिवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे कुंडेश्वरी मार्ग पर स्थित आनंद होम अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल शैलेश मल ने छलांग लगा दी। नीचे गिरते ही उनकी मौत हो गई। वह अपार्टमेंट में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी और बच्चे देहरादून में ही रहते हैं। उनकी बहन व बहनोई दोनों देहरादून में ही डाक्टर हैं। सूचना पर कोतवाल ओमप्रकाश, एसएसआई लाखन सिंह मौके पर पहुंचे। उनके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। सूचना पर बैंक के मुख्य शाखा प्रबंधक राजनाथ सिंह मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने बताया कि छज्जे से छलांग लगाने से पहले वह कमरे में बेड पर बैठे थे। बेड के नीचे एक जोड़ी चप्पल पड़ी मिली। उन्होंने नंगे पांव छलांग लगाई। बैंक कर्मियों ने मृतक की पत्नी को सूचना दे दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भी भेज दिया।
.
शहर निवासी मृतक की एक रिश्तेदार महिला ने बताया कि शैलेश मल के पिता गणेश लाल सर्वे ऑफ इडिया में अधिकारी पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। डेढ़ साल पहले पिता की मृत्यु के बाद से ही शैलेश मल डिप्रेशन में रहने लगे थे। वह अपने पीछे पत्नी गीतांजलि और दो पुत्रों को छोड़ गया। बड़ा पुत्र बी-टेक कर रहा है और छोटा इंटर में पढ़ रहा है।
पीएनबी माता मंदिर रोड के मुख्य प्रबंधक राजनाथ सिंह ने बताया कि शैलेश मल डिप्रेशन में रहने के कारण अधिकतर अनुपस्थित रहते थे। वह दो नवंबर को ड्यूटी पर आए थे, इसके बाद नहीं आए। हालांकि स्टाफ के साथ उनका व्यवहार अच्छा था। पड़ोस में रहने वालों ने बताया कि लोगों से कम ही बात करते थे लेकिन अच्छा व्यवहार था।
चार पांच दिन पहले शैलेश मल ने कटोराताल पुलिस को डिप्रेशन में गलत सूचना दे दी थी। पुलिस के अनुसार शैलेश ने कटोराताल पुलिस को बताया कि किसी उसके कमरे में किसी ने पत्नी का मर्डर कर दिया है। पुलिस उनके साथ आनंद होम अपार्टमेंट पहुंची तो वहां कुछ नहीं मिला। फिर पुलिस को गलत सूचना देने के लिए सॉरी कह दिया।