रुद्रपुर में इंदिरा चौक के पास हाइवे पर बिखरा पड़ा गन्ना।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। झनकट गन्ना सेंटर से मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे 22 टायरा ट्रक (यूके 06 सीबी 9800) से 400 क्विंटल गन्ना लादकर बाजपुर चीनी मिल में भेजा जा रहा था। रुद्रपुर स्थित इंदिरा चौक के पास हाईवे पर गन्ने को बांधने वाली रस्सी अचानक टूट गई।
इससे गन्ना भरभराकर हाईवे पर गिर गया। हाईवे पर गन्ने के गिरते ही पुलिस बूथ में तैनात पुलिस कर्मियों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि व्यस्त चौराहे पर घटना मध्यरात्रि के समय घटी, जिस कारण बड़ा हादसा होने से बच गया।
हाईवे से गन्ना हटाते-हटाते श्रमिकों को सुबह हो गई। बिखरे गन्ने के कारण हाईवे पर दिन में भी जाम की स्थिति रही। इस दौरान कुछ क्विंटल गन्ना हाईवे पर ही वाहनों के टायरों के नीचे आने से खराब हो गया। कई लोग गन्ने की फंदियां लेकर फरार हो गए। (संवाद)