बारिश होने पर स्कूली बच्चों को विद्यालय पहुंचने में होती है परेशानी
काशीपुर। कुंडेश्वरी क्षेत्र में एक ऐसा विद्यालय जहां छात्र-छात्राओं को पाठशाला तक पहुंचने के लिए गंदे पानी से गुजरना पड़ रहा है। छुट्टी के बाद ग्रामीण दीवार फांदकर स्कूल को शराब पीने का अड्डा बना लेते हैं। शिक्षकों को कक्ष में प्रवेश करने से पहले शराबियों का कचरा साफ करना पड़ता है। गंभीर समस्या के समाधान के लिए जिम्मेदारों की नींद टूटने का नाम नहीं ले रही है।
संवाद न्यूज एजेंसी की टीम काशीपुर से करीब 10 किलोमीटर दूर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढकिया नंबर 1 पहुंची। यहां प्रधानाध्यापक का पद रिक्त मिला जबकि स्कूल का परिसर काफी बड़ा था। यहां पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं मिली। एक कक्ष में प्रधानाचार्य स्वयं विद्यार्थियों को पढ़ाते मिले। दूसरे कक्ष में छात्राएं खेलती मिलीं। कक्षों की दीवार से प्लास्टर झड़ता मिला। एक कक्ष में बिजली का बल्ब लगा नहीं होने से अंधेरा मिला। पेड़ के नीचे दो शिक्षक छात्रों को नीचे बैठाकर पढ़ाते मिले। छात्र-छात्राओं ने बताया कि बारिश में गंदा पानी स्कूल में घुस जाता है। कक्ष तक पहुंचने के लिए गंदे पानी से गुजरना पड़ता है। पैर रखने तक जगह नहीं मिलती है। कपड़े खराब होने के साथ संक्रामक बीमारी होने का खतरा बना रहता है। बता दें कि विद्यालय की स्थापना 2010-11 में हुई थी।
इनसेट.....
यह मिली ठीक व्यवस्था
स्कूल में पेयजल के लिए सबमर्सिबल लगा मिला। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय मिले। मेन्यू के हिसाब से रोज मिड डे मील में भोजन और अन्य सामग्री देना बताया गया।
कोट -
विद्यालय में पांच कक्ष बने हुए हैं। कक्षा 6 से 10 तक 250 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। पढ़ाने का जिम्मा सात शिक्षकों पर है। चार शिक्षकों की ड्यूटी एसआईआर में लगी है। स्कूल परिसर सड़क के काफी गहरा है। पानी की निकासी नहीं है। नालियां बंद होने से बरसात में गांव का गंदा पानी स्कूल में जमा हो जाता है। कक्षों की मरम्मत, परिसर में भरान का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को कई बार दिया जा चुका है। - लक्ष्मीकांत कश्यप, प्रभारी प्रधानाध्यापक राउमावि ढकिया नंबर एक
कोट -
माध्यमिक विद्यालय ढकिया नंबर एक का परिसर बहुत बड़ा है। इसके भरान के लिए भारी भरकम बजट की आवश्यकता है। प्राप्त हुए प्रस्ताव को उच्चाधिकारियों को भेज दिया है। स्वीकृति मिलने पर परिसर का भरान व कक्षों की मरम्मत कराई जाएगी। - धीरेंद्र कुमार साहू, खंड शिक्षाधिकारी, काशीपुर