काशीपुर। राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने शैक्षिक भ्रमण में विज्ञान, नवाचार और शोध गतिविधियों की जानकारी ली। प्राचार्य प्रो. सुमिता श्रीवास्तव के निर्देशन में एमएससी द्वितीय सेमेस्टर और चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने 17 व 18 फरवरी को देहरादून के चार शिक्षण संस्थानों का भ्रमण किया।
रसायन विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापकों डॉ. भानु प्रताप सिंह गौतम, डॉ. तिलक राम प्रजापति, डॉ. मंजुल गोंडवाल, डॉ. चंद्रकला सिंह ने छात्रों को भ्रमण कराया। शैक्षिक दल ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम देहरादून में पेट्रोलियम अनुसंधान, ईंधन प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा विकल्पों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं की जानकारी ली।
उन्होंने उत्तराखंड स्टेट काउंसिल फोर साइंस एंड टेक्नोलॉजी में विज्ञान, नवाचार, राज्य स्तरीय शोध गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। दल ने फोरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट में वन अनुसंधान, जैव विविधता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी परियोजनाओं का अध्ययन किया। उन्होंने वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जूलॉजी में विद्यार्थियों ने भू-रसायन विज्ञान से ज्ञान प्राप्त किया। वैज्ञानिकों ने चट्टानों एवं खनिजों की रासायनिक संरचना, भू-रासायनिक डेटिंग पद्धतियों, हिमालयी क्षेत्र की भू-रासायनिक प्रक्रियाओं पर जानकारी दी।