रुद्रपुर। नीट-यूजी परीक्षा को आगामी सत्र से पूरी तरह ऑनलाइन मोड में कराने के केंद्र सरकार के फैसले का रुद्रपुर के छात्रों ने स्वागत किया। कुछ वर्षों में लगातार सामने आए पेपर लीक, धांधली और अनियमितताओं के बाद इस निर्णय को अभ्यर्थी राहत भरा कदम मान रहे हैं।
रुद्रपुर की स्थानीय निजी कोचिंग संस्थानों में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं का कहना है कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली ऑफलाइन परीक्षा की तुलना में अधिक सुरक्षित और पारदर्शी साबित होगी। छात्रों का मानना है कि ऑनलाइन मोड लागू होने से पेपर लीक कराने वाले गिरोहों और पैसे के दम पर सिस्टम को प्रभावित करने वालों पर काफी हद तक रोक लगेगी।
अभ्यर्थियों ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली लागू होने से तनाव से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि कुछ छात्रों ने यह भी कहा कि सरकार को तकनीकी सुरक्षा, सर्वर क्षमता और साइबर सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम करने होंगे ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न हो।
-
कोट-1
ऑनलाइन मोड में परीक्षा होने से पेपर लीक जैसी घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगेगी। पहले परीक्षा रद्द होने से मानसिक तनाव बढ़ जाता था लेकिन अब उम्मीद है कि सिस्टम अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनेगा।- मयंक
-
कोट-2
सरकार का यह फैसला मेडिकल अभ्यर्थियों के हित में है। ऑनलाइन परीक्षा से धांधली कम होगी और छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। हालांकि तकनीकी सुरक्षा और सर्वर व्यवस्था मजबूत रखना भी बेहद जरूरी है। - दीपा