गदरपुर। देहरादून से अंग्रेजी शराब लेकर पिथौरागढ़ जा रही पिकअप गाड़ी मंगलवार तड़के गदरपुर बाईपास मार्ग पर हादसे का शिकार हो गई। खनन सामग्री से भरे घोड़ा वाहन की टक्कर लगने से पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में करीब 30 पेटी शराब की बोतलें टूट गईं जबकि चालक-परिचालक को मामूली चोटे आई हैं।
देहरादून निवासी चालक रोहित और परिचालक विशाल पिकअप में 100 पेटी अंग्रेजी शराब लेकर पिथौरागढ़ जा रहे थे। मंगलवार सुबह चार बजे जब वह गदरपुर बाईपास मार्ग पर मुकुंदपुर मोड़ के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रहे खनन सामग्री से भरे घोड़ा वाहन ने जानवर को बचाने के प्रयास में पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिकअप सड़क पर पलट गई। इस दौरान मौका पाकर चालक घोड़ा वाहन लेकर भाग गया। हादसे के बाद बाईपास पर वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात बाधित हो गया।
सूचना पर एनएचएआई की हाईवे पेट्रोलिंग टीम और महतोष चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से घायल चालक और परिचालक को अस्पताल भेजा। सड़क पर बिखरी बोतलों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया।
चालक रोहित ने बताया कि हादसे की सूचना आबकारी विभाग को दे दी गई है। शराब की 30 पेटियां टूटने से करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। रोहित ने पुलिस को तहरीर सौंपकर घोड़ा वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग की है।