बाजपुर डिग्री कॉलेज में प्रदर्शन करते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
राजकीय महाविद्यालय में प्रवेश को लेकर बृहस्पतिवार को छात्रों ने प्रदर्शन कर कुलपति का पुतला फूंका। इस दौरान छात्रनेताओं की कॉलेज स्टाफ से झड़प हो गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी प्राचार्या डॉ. नूतन श्रीवास्तव ने समझाकर मामला शांत किया। उसके बाद देर शाम तक कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया चली।
बृहस्पतिवार को महाविद्यालय में ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रवेश की अंतिम तिथि होने से कुछ छात्रों के प्रवेश होने से रह गए। इस पर आक्रोशित छात्रों ने प्रदर्शन कर कुलपति का पुतला फूंका। छात्र नेताओं का कहना था कि आवेदन करने वाले सभी छात्रों के प्रवेश किए जाएं। इस पर बहस हो गई।
प्रभारी प्राचार्या डॉ. नूतन श्रीवास्तव द्वारा देर शाम तक प्रवेश लेने की बात पर मामला शांत हुआ। इस दौरान छात्र संघ अध्यक्ष रजत भंडारी, सचिव रोशन पटेल, नवदीप सिंह नवी, अमन बंसल, तरुण रुहेता, गुरजीत सिंह, उमेश पासी, नदीम आदि थे। इधर, ऑनलाइन प्रवेश प्रभारी एपी चौधरी ने बताया कि कॉलेज में अब तक प्रथम सेमेस्टर में बीए में 400, बीकॉम में 120, बीएससी में 80 छात्रों के प्रवेश हुए हैं।