बाजपुर डिग्री कालेज गेट पर तालाबंदी कर धरना देते छात्र
- फोटो : BAZPUR
बाजपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में निर्धारित समय पर कुछ शिक्षकों के नहीं पहुंचने से आक्रोशित छात्रों ने हंगामा कर गेट पर सांकेतिक तालाबंदी की।
शनिवार को छात्र संघ अध्यक्ष मयंक कुमार दिवाकर के नेतृत्व में छात्र एकत्र होकर महाविद्यालय गेट पर पहुंचे। उन्होंने कुछ शिक्षकों के समय पर विद्यालय नहीं पहुंचने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। छात्रों ने महाविद्यालय गेट पर तालाबंदी की और दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पहुंची प्राचार्या डा. कमला चंयाल सहित अन्य प्राध्यापकों से छात्रों की झड़प हो गई। प्राचार्या डा. चंयाल ने समझाकर मामला शांत कराया। छात्र संघ अध्यक्ष मयंक कुमार दिवाकर ने कहा कि कुछ शिक्षक समय पर विद्यालय नहीं आते। जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित रहता है। विद्यालय में पेयजल की व्यवस्था को लेकर दो माह पहले प्राचार्य को अवगत कराया गया था लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। मौके पर छात्र संघ उपाध्यक्ष अभिषेक यादव, सचिन, रितिक, तुषार, हरीश नितिन्जय, राशिद, अमन, प्रिंस, युवराज आदि थे।