बाजपुर डिग्री कालेज में भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से वार्ता करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
डिग्री कॉलेज में योगा डिप्लोमा क्लास शुरू कराने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे तीन छात्रों की हालत बिगड़ गई। एसडीएम, सीओ, कोतवाल और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर अनशनकारियों से बातचीत की, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अडिग रहे। काफी जद्दोजहद के बाद प्रशासन ने तीनों छात्रों को जबरन उठाकर सीएचसी में भर्ती कराया।
उसके बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भेजा गया, जहां से छात्रों को एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। कार्रवाई से गुस्साए छात्रों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। छात्रों के तेवर देखते हुए प्रशासन की ओर से कॉलेज परिसर में धारा 144 लगाई गई है। छात्रसंघ सचिव रोशन पटेल ने सोमवार से भूख हड़ताल पर बैठने का एलान कर दिया है।
डिग्री कॉलेज में योगा डिप्लोमा क्लास शुरू कराने की मांग को लेकर छात्रों ने 21 अप्रैल से भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। छात्रसंघ उपाध्यक्ष धीरज पांडे, पूर्व कोषाध्यक्ष तरुण रूहेला और छात्र नेता योगेश शर्मा अनशन पर बैठे। शनिवार को तरुण रूहेला की हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बाद में वह फिर से अनशन पर बैठ गया था। रविवार को एसडीएम नरेश दुर्गापाल, सीओ बीएस चौहान, तहसीलदार मदन सिंह बिष्ट, कोतवाल बीडी उनियाल मय फोर्स मौके पर पहुंचे। डॉक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने पुलिस बल के साथ तीनों अनशनकारी छात्रों को जबरन उठाकर गाड़ी में डाल लिया और सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से तीनों छात्रों को रुद्रपुर भेज दिया गया।
बताते हैं कि रुद्रपुर से छात्रों को हल्द्वानी सुशील तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया है। इधर, अनशनकारी छात्रों को जबरन उठाने से छात्रों में भारी आक्रोश है। छात्र नेता आशीष भट्ट ने कहा कि लड़ाई जारी रहेगी। इधर, सीओ बीएस चौहान ने बताया डिग्री कॉलेज परिसर में धारा 144 लागू कर दी गई है। उल्लंघन करने वाले छात्रों को बख्शा नहीं जाएगा।