- बुधवार शाम दवाई लेने के लिए स्कूटी से गया था खटीमा बाजार
संवाद न्यूज एजेंसी
खटीमा। चकरपुर स्थित वनखंडी महादेव मंदिर के पीछे खटीमा रेंज के जंगल में बृहस्पतिवार सुबह एक बीबीए का 21 वर्षीय छात्र का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर छात्र की स्कूटी, दो मोबाइल और पेट्रोल बरामद हुए। इधर युवक के पिता ने हत्या की आंशका जताई है। कहना है कि उनके पुत्र के साथ और युवक भी थे।
बृहस्पतिवार को स्थानीय लोगों ने चकरपुर के वनखंडी मंदिर के पीछे जंगल में जला हुआ शव पड़ा देखा। कुछ ही देर से घटनास्थल पर भीड़ एकत्रित हो गई। एएसपी वीर सिंह, कोतवाल प्रकाश दानू और चकरपुर चौकी प्रभारी प्रियांशु जोशी ने घटनास्थल पर मुआयना किया। घटनास्थल छात्र की स्कूटी, दो मोबाइल और पांच लीटर के डिब्बे में पेट्रोल बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त हनुमानगढ़ी चकरपुर निवासी आयुष चंद (21) पुत्र सुरेश चंद के रूप में हुई। पुत्र की लाश देखकर माता-पिता बदहवास हो गए।
पिता सुरेश चंद ने बताया कि आयुष को बुखार आया था। बुधवार शाम वह स्कूटी से दवा लेने खटीमा गया था। देर रात तक उसके नहीं लौटने पर जब उसे फोन किया तो फोन नहीं उठा। इसके बाद उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। बृहस्पतिवार सुबह जंगल में उसके शव मिलने की सूचना मिली। आयुष बीबीए अंतिम वर्ष का छात्र। वह मां के साथ देहरादून रहकर पढ़ाई करता था और छुट्टियों में घर आया था। आयुष की बड़ी अस्मिता दिल्ली में नौकरी करती है। पिता आसाम राइफल्स में हैं।
घटना स्थल के पास जलाई थी आग
खटीमा। आयुष का शव झाड़ियों से बरामद हुआ। उसके कुछ दूरी पर राख मिली है। आग से झाड़ियां भी जली थी। पुलिस ने अंदेशा जताया कि शरीर में आग लगने के बाद आयुष बचने के लिए झाड़ियों में गया होगा। लेकिन पेट्रोल के कारण आग बुझ न सकी। संवाद