ढिल्लो परिवार की ओर से रविवार को आयोजित सर्वधर्म विवाह समारोह में पहुंचे सीएम हरीश रावत ने कहा कि कौमी एकता की प्रतीक तराई मजबूत होगी तभी पूरा उत्तराखंड मजबूत होगा। विकास मेें प्रदेश आगे बढ़ रहा है। गन्ने की पैदावार को बढ़ाने के लिए बीज बदलाव योजना चलाई जा रही है। बाजपुर क्षेत्र के किसानों को जल्द गन्ना मूल्य का भुगतान मिलेगा। बाजपुर के चीनी मिल के आधुनिकीकरण का कार्य भी जल्द शुरू होगा। सीएम ने चीनी की रिकवरी 11 प्रतिशत करने की बात कही।
दोराहा स्थित काहलो होटल में विभिन्न धर्मों की 45 निर्धन कन्याओं की एक ही मंडप पर शादी कराई गई। दर्जा कैबिनेट मंत्री हरमिंदर सिंह लाडी ने बताया कि विवाह समारोह की शुरूआत अमृत प्रचार संगत के जत्थेदार संत बाबा सूरजपाल की प्रेरणा से की गई थी। दस सालों में उनका परिवार 534 निर्धन कन्याओं की शादी करा चुका है।
रविवार को आयोजित सर्वधर्म विवाह समारोह में पहुंचने पर बारातियों का बाजे गाजे से स्वागत किया गया। हर समुदाय वर्ग के दूल्हा दुल्हन का रीति रिवाज से विवाह कराया गया।
उपहार के रुप में सिलाई मशीन, डबल बेड, बर्तन, पंखा, साइकिल इत्यादि सामान दिया गया। इस दौरान सीएम हरीश रावत, कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, उत्तराखंड सहकारी बैंक अध्यक्ष संजीव आर्य, बबलू भाई, कांग्रेसी नेता हरवंत ढिल्लो, मंदीप बाबा, उपेंद्र चौधरी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीना कपूर, जिपं सदस्य कुलविंदर सिंह किंदा, जसविंदर सिंह गिल, अखिल भंडारी, अंकुर अग्रवाल आदि ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
संचालन डॉ. नरेंद्र खत्री, अमीर अहमद, डीके जोशी ने किया। वहां हरमिंदर सिंह बरार, दलजीत सिंह रंधावा, कामरान खान, कदीर अहमद, अनवर अली, सुरेश गंगवार, जरनैल सिंह काली, विजय भुड्डी, रजनीत सिंह सोनू, सुखबीर सिंह एमपी, हरमीत सिंह बडै़च, डीआईजी अजय रौतेला, डीएम चंद्रेश यादव, एसएसपी सैंथिल अबुदई, एएसपी कमलेश उपाध्याय आदि मौजूद थे।
उन्हें गाली गलौच मुबारक और हमें विकास
सर्वधर्म विवाह समारोह में मंच से संबोधन करते हुए सीएम हरीश रावत ने कहा कि भाजपा की यात्रा गाली गलौच यात्रा में तब्दील हो गई है। उन्हें गाली गलौच मुबारक हो और हमें विकास मुबारक। रावत ने दावा किया कि राज्य की सड़कें को देश की सबसे बेहतर सड़कें हैं।
कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान, वर्ग चार सहित अन्य जमीनों के मालिकाना हक देने, सर्किल रेट कम करने की मांग को प्रमुखता से रखा। इस पर सीएम रावत ने कहा कि किसान हमारी शान हैं। कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य तराई बगीचे के मालिक हैं। यशपाल जैसा कहेंगे वैसा होगा। सीएम ने डीएम चंद्रेश यादव को मंच पर बुलाकर जमीनों का मालिकाना हक खतौनी में दर्ज करने के निर्देश दिए।
स्वागत माला पड़ गई छोटी
ढिल्लो परिवार के सर्वधर्म विवाह समारोह में स्वागत के लिए बनाई गई माला भी छोटी पड़ गई। मौजूद लोग माला के अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे।
नोटबंदी से सर्वधर्म विवाह समारोह में हुई दिक्कत : लाडी
दर्जा कैबिनेट मंत्री हरमिंदर सिंह लाडी ने बताया कि नोटबंदी से सर्वधर्म विवाह समारोह में काफी दिक्कत आई है। क्षेत्र के व्यापारियों ने शादी में उपहार के रुप में दिए गए सामान को आधे दामों में उधार देकर उनका सहयोग किया है।