डिग्री कॉलेज में योगा डिप्लोमा क्लास शुरू कराने की मांग को लेकर छात्रों की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। भीषण गर्मी के चलते हड़ताल पर बैठे छात्रों की हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों की टीम ने छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें उनके स्वास्थ्य में गिरावट पाई गई है। अनशनकारी उपाध्यक्ष धीरज पांडे की पल्स रेट डाउन पाई गई और पूर्व कोषाध्यक्ष तरुण रुहेला को बेहद कमजोरी बताई। शाम को उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डिग्री कॉलेज में योगा डिप्लोमा क्लास शुरू कराने को लेकर छात्रों ने दो महीने पहले आंदोलन किया था। जो कुविवि और कालेज प्रशासन के आश्वासन पर स्थगित कर दिया गया था, लेकिन मांग पूरी नहीं हुई। इस पर छात्रों ने 21 अप्रैल से भूख हड़ताल शुरू कर दी। शनिवार को भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही।
अनशन पर छात्र संघ उपाध्यक्ष धीरज पांडे, पूर्व कोषाध्यक्ष तरुण रुहेला रूहेला हैप्पी, छात्र नेता योगेश शर्मा बैठे हैं। छात्रों की हालत बिगड़ने पर मौके पर पहुंचे एसएसआई जगदीश ढकरियाल ने छात्रों को समझाने की कोशिश की। सीएचसी डॉ. संदीप मिश्रा ने छात्रों के स्वास्थ्य की जांच की। डॉक्टरों ने बताया कि धीरज की पल्स रेट डाउन है। वहीं शाम को हालत बिगड़ने पर तरुण को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।