सुल्तानपुर पट्टी। ग्राम रामजीवनपुर में पुरानी रंजिश में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान हुए पथराव में एक पक्ष के छह लोग घायल हो गये। घायलों को हल्द्वानी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने रेफर कर दिया गया। काशीपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ग्राम रामजीवनपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस चौकी पर दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार शाम को वह परिवार के साथ घर में थे तभी बराबर में रह रहे पड़ोसियों ने गाली-गलौज और छत पर चढ़कर पथराव शुरू कर दिया। घर के आंगन में खड़ी बुजुर्ग मां प्रेमवती के सर पर पत्थर लगने से वह घायल हो गई। मां को बचाते समय प्रेम सिंह, अरुण कुमार भी पथराव में घायल हो गए। सभी ने घर में घुसकर अपनी जान बचाई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा, जिसमें प्रेम सिंह और प्रेमवती की हालत गंभीर होने पर हल्द्वानी भेजा गया। वर्तमान में घायलों का काशीपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रेमवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं, दूसरे पक्ष की यशोदा ने तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी बेटी अंजलि (20) अपनी भतीजी को गोद में लेकर आंगन में पढ़ाई कर रही थी। पड़ोस में रहने वाले युवकों ने गाली-गलौज कर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर लगने से अंजलि का हाथ टूट गया। इस दौरान वहां बुजुर्ग दादा कुंवर पाल और भाई गौतम सिंह पथराव से घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।