सितारगंज। कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की आठ बाइकें भी बरामद की हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है।
शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि दो माह से सितारगंज क्षेत्र में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं हो रही थीं। एसएसपी के निर्देश पर सीओ बीएस धौनी की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में बाइक चोरों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन हुआ।
बृहस्पतिवार रात पुलिस को सिडकुल क्षेत्र में चोरों के छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस ने सूखी नदी पुलिया के पास से पुलभट्टा निवासी करन सिकदार और शक्तिफार्म निवासी समर सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से शक्तिफार्म के चड़क मेले से चोरी हुई बुलेट भी बरामद की।
आरोपियों ने बताया कि वह अपने साथी अमरजीत सिंह के साथ सितारगंज, किच्छा, रुद्रपुर, बाजपुर, बहेड़ी और बरेली से बाइक चोरी कर नेपाल में बेचते थे। एक साल में उन्होंने 25 बाइकें चोरी कर नेपाल में बेची हैं। बुलेट के बदले 30 हजार, स्प्लेंडर के बदले 15 हजार, अपाचे के बदले 18 हजार और स्कूटी के 20 हजार रुपये मिलते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सात अन्य चोरी हुई बाइकें बरामद की हैं। इनमें बुलेट, अपाचे, प्लेटिना, डिस्कवर, स्प्लेंडर और स्कूटी है। बरामद वाहनों में कुछ के संबंध में बरेली और बहेड़ी थानों में प्राथमिकी दर्ज हैं। सीओ बीएस धौनी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है।