काशीपुर में टीम के साथ उपायुक्त आरएल वर्मा।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। राज्य कर विभाग काशीपुर की एसटीएफ टीम ने ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले के 35 विभागों में 11.54 करोड़ की जीएसटी चोरी पकड़ी।
काशीपुर एसटीएफ इकाई के उपायुक्त आरएल वर्मा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने ऊधमसिंह नगर और नैनीताल के 35 विभागों के जीएसटी के तहत घोषित रिटर्न की जांच की। जांच में पता चला कि विभागों ने 313.68 करोड़ रुपये का भुगतान संविदाकारों (ठेकेदारों) को किया था।
यह रकम कुल 1903 ठेकेदारों को जारी की गई थी लेकिन उक्त भुगतान प्राप्त करने वाले संविदाकारों में से 442 संविदाकारों ने 96.25 करोड़ का भुगतान प्राप्त किया गया था। लेकिन उनके द्वारा रिर्टन 3 बी में समस्त भुगतान को या तो मिली रकम से कम दिखाया या शून्य घोषित किया। इनमें से कुछ ठेकेदारों ने 3बी दाखिल ही नहीं किए थे।
कुछ ऐसे भी ठेकेदार जांच में पाये गए जिनका जीएसटी पंजीकरण निरस्त हो चुका था। उन्होंने विभाग से भुगतान तो प्राप्त कर लिया, लेकिन टैक्स जमा नहीं किया।
वर्मा ने बताया कि जांच में प्राप्त भुगतान 96.25 करोड़ पर 12 प्रतिशत टैक्स यानि 11.54 करोड़ की चोरी की गई। जांच टीम ने ठेकेदारों से टैक्स वसूलने के लिए केंद्रीय जीएसटी/ राज्य जीएसटी को रिपोर्ट भेज दी है।
वर्मा ने बताया कि अन्य विभागों के जीएसटीआर-7 की जांच कर ऐसे ठेकेदारों को चिह्नित कर उनके खिलाफ टैक्स वसूली एवं अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है। टीम में सहायक आयुक्त पूजा पांडे, राज्य कर अधिकारी अनिल चौहान, सुनीत श्रीवास्तव, एनसी पांडे शामिल रहे।