काशीपुर आईआईएम संस्थान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देते स्कूली बच्चे। संवाद
काशीपुर। भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) काशीपुर में आयोजित वार्षिक उद्यमिता शिखर सम्मेलन ''''उतिष्ठ-2026'''' का रविवार को स्टार्टअप प्रदर्शनी और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। इस समिट ने जहां एक ओर नवाचार को मंच दिया वहीं दूसरी ओर स्कूली बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को भी सराहा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेयर दीपक बाली ने किया। उन्होंने संस्थान के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। परिसर में 40 से अधिक स्टार्टअप्स ने अपने उत्पादों के स्टाल लगाए, जहां स्थानीय लोगों ने खरीदारी की। प्रदर्शनी में विशेष रूप से उन तीन स्टार्टअप्स ने सबका ध्यान खींचा, जिन्हें आईआईएम काशीपुर की ओर से 25-25 लाख रुपये की फंडिंग मिली है। मेयर ने इन युवा उद्यमियों के मार्केटिंग कौशल की सराहना की।
समिट के दौरान स्कूली बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस, डांस, ड्राइंग और साइंस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जूनियर वर्ग के समूह नृत्य में कर्म शिक्षा प्राइमरी स्कूल और सीनियर वर्ग में एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी की ''''दि किंग्स'''' टीम विजेता रही। सोलो डांस में लिटिल स्कॉलर्स की दिव्यांशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ड्राइंग में टचवुड स्कूल के अयान सैफी पहले स्थान पर रहे जबकि फैंसी ड्रेस में साईं पब्लिक स्कूल के निकेश और अर्णव वर्मा ने बाजी मारी।
इस अवसर पर शैक्षणिक निदेशक प्रो. केएन बधानी, डीन (विकास) प्रो. कुणाल गांगुली और आईआईएम फीड के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रो. सफल बत्रा सहित संस्थान के अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे।