एक अक्टूबर से जनपद में स्थापित सभी धान तौल केंद्रों को पूरी सुविधाओं के साथ हर हाल में सक्रिय कर दें। धान क्रय केंद्रो पर किसी भी प्रकार की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। यह बात डीएम डा.पंकज पांडेय ने कही। वह सोमवार की शाम कलक्ट्रेट सभाकक्ष में धान क्रय केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा बैठक ले रहे थे।
उन्होंने जनपद के प्रत्येक धान केंद्र पर पर्याप्त संख्या में स्टाफ सहित बारदाने व अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा जो धान क्रय केंद्र एक अक्टूबर से शुरू नहीं हो जाएंगे, संबंधित धान क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसानों को क्रय केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्थाओं का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बताया कि जनपद में 68 धान क्रय केंद्र स्थापित किये गये है, जिसमें सहकारिता विभाग के 59 और खाद्य विभाग के नौ केंद्र शामिल हैं। जिलाधिकारी पांडेय ने बताया इस साल साधारण धान का मूल्य 1410 रुपये प्रति कुंतल तथा सुपर धान का मूल्य 1450 रुपये निर्धारित किया गया है।
बैठक में एडीएम आशीष भटगई, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट भगत सिंह फोनिया, एसडीएम एचएस मर्तोलिया, चंद्र सिंह इमलाल, ऋचा सिंह के अलावा जिला पूर्ति अधिकारी विपिन कुमार, एआर सहकारिता एमपी त्रिपाठी, डिप्टी आरएमओ केसी पंत, धीरज कांडपाल, रमेश चंद पांडे आदि मौजूद थे।