केमिकल फैक्ट्री में पकड़ी गई शराब की फैक्ट्री से बरामद अल्कोहल भरे ड्रम को कब्जे में लेने की कार्रवाई करना आबकारी इंस्पेक्टर को भारी पड़ सकता है। एसएसपी ने आबकारी इंस्पेक्टर की कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। उन्होंने मामले की शिकायत डीएम और आबकारी आयुक्त से करने की बात कही है।
बता दें कि रविवार तड़के पुलिस टीम ने भूरारानी में सांई केमिकल फैक्ट्री में छापा मारकर शराब की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आबकारी विभाग को सूचित किया था, लेकिन उस समय कोई नहीं पहुंचा था। पुलिस ने कुछ सामान सीज करने के साथ ही केमिकल भरे ड्रम को छोड़ दिया था। सोमवार को आबकारी इंस्पेक्टर सुमन पाल अपनी टीम के साथ फैक्ट्री पहुंची थीं और सामान को कब्जे में ले लिया था।
इसी बीच कोतवाली पुलिस वहां पहुंची और कब्जे में लिए गए ड्रम को पुलिस की केस प्रॉपर्टी बताई। इसके बाद इंस्पेक्टर ने कब्जे में लिए ड्रम पुलिस के सुपुर्द कर दिए। इधर, पुलिस की कार्रवाई होने के बाद आबकारी विभाग की तत्परता से मामला तूल पकड़ रहा है।
- आबकारी विभाग को घटना वाले दिन सूचित किया गया था, लेकिन उस दिन कोई वहां नहीं पहुंचा था। अब सोमवार को आबकारी विभाग के लोग पुलिस की केस प्रॉपर्टी को सीज करने की कार्यवाही करने लगे। जब पुलिस नेे कार्रवाई कर ली तो अगले दिन वहां जाने का औचित्य क्या है। इस मामले की शिकायत आबकारी आयुक्त और डीएम से की जाएगी।
- डॉ. सदानंद दाते, एसएसपी।
- इंस्पेक्टर जांच के लिए केमिकल फैक्ट्री गई थीं। फैक्ट्री में ड्रम लावारिस पड़े थे और उनकी अभिरक्षा में पुलिस कर्मी नहीं थे। पुलिस ने वहां पहुंचकर अपनी केस प्रॉपर्टी बताया तो केमिकल भरे ड्रम उनके सुपुर्द कर दिए गए हैं। साथ ही सभी इंस्पेक्टरों को उनके क्षेत्र की केमिकल फैक्ट्रियों की जांच के आदेश दिए गए हैं। अगर कहीं खामियां पकड़ी जाती हैं तो वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
- आलोक शाह, जिला आबकारी अधिकारी
लगातार लोकेशन बदल रहा राजू
रुद्रपुर। पुलिस ने शराब की अवैध फैक्ट्री के मास्टरमाइंड राजू सक्सेना को दबोचने के लिए उसके गृह जनपद रामपुर में डेरा डाला हुआ है। शातिर राजू लगातार लोकेशन बदल रहा है। वह चंद मिनट के मोबाइल खोलकर परिचितों से बात करने के बाद बंद कर रहा है। इससे पुलिस उसकी वास्तविक लोकेशन का पता नहीं लगा पा रही है। विवेचक ओमप्रकाश ने बताया कि राजू के बारे में जानकारी लेने के लिए दो परिचितों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।